बहराइच। ठंड बढ़ने के साथ दमा व ब्लड प्रेशर के मरीजों की समस्याएं बढ़ने लगी है। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में दमा व ब्लड प्रेशर के 150 मरीज पहुंचे, जिन्हें डॉक्टरों ने जांचकर इलाज किया। पर्चा काउंटर व फिजीशियन की ओपीडी में मरीजों की भीड़ दिखी। जबकि अन्य ओपीडी में रोज की अपेक्षा कम लोग इलाज के लिए पहुंचे।
दोपहर के 12 बजे थे। पर्चा बनवाने के लिए पहले टोकन नंबर लेना पड़ता है। इसके लिए काउंटर पर लगभग 200 से अधिक लोग कतार में थे और अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे थे। तभी गेट के बाहर खड़ा एक व्यक्ति ने बोला कि आधार कार्ड के बिना पर्चा नहीं बन पाएगा। ऐसे में टोकन लेने जा रहे कुछ मरीज रुक जाते हैं। इसी के बगल दूसरे कक्ष में छह-सात मरीज पर्चा बनवाते दिखाई दिए।
कमरा नंबर 18 स्थित फिजीशियन की ओपीडी में मरीजों भीड़ दिखी। वहीं 25 नंबर की ओपीडी में मरीज अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इसके अलावा ऑर्थोपैडिक, बाल रोग विभाग, आंख, नाक-कान गला रोग विशेषज्ञ आदि की ओपीडी में मरीजों की ज्यादा भीड़ नहीं थी। मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ. अंशुमान सिंह श्रीनेत ने बताया कि ठंड में ब्लड प्रेशर व दमा के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इलाज करने के साथ ही सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
जांच के बाद मिलेगी दवा
एक सप्ताह से पेट में दर्द हो रहा है। डॉक्टर को दिखाया है, उन्होंने जांच के लिए लिखा है। जांच कराने जा रही हूं। रिपोर्ट देखने के बाद दवा मिलेगी।
लक्ष्मी, चकपिहानी कैसरगंज
कमजोरी व हाथ-पैर में दर्द है
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चर्दा में इलाज कराने आए ननकऊ ने कहा कि शुगर की समस्या है। कमजोरी के साथ ही हाथ-पैर में दर्द भी है। रिश्तेदारी में आए हैं, तबीयत खराब हो गई है। डॉक्टर ने बाहर की दवा लिखी है।
- ननकऊ, लक्षमनपुर भिनगा
हाई ब्लड प्रेशर के सामान्य लक्षण
- दृष्टि में परिवर्तन, सिरदर्द रहना
- छाती में दर्द, चक्कर आना
- सांस लेने में मुश्किल
दमा के मरीज बरतें सावधानी
फिजीशियन ने बताया कि पत्ता गोभी, चावल, दही, ठंडी चीजें, तला और ज्यादा मसालेदार खाना, जंक फूड, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, जैसी चीजों से परहेज करना चाहिए। सुबह घर से गर्म कपड़े पहनकर निकलें। डॉक्टर की सलाह से दवाएं लेते रहें।