उर्रा (बहराइच)। कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत एक गांव निवासी मां-बेटी को दबंगों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारापीटा। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों को आता देख दबंग धमकी देते हुए मौके से भाग गए। महिला ने चार लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत जंगल से सटे गांव निवासी महिला ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि 28 जून की रात नौ बजे के आसपास वह और उसकी बेटी घर के बाहर बैठी थीं। तभी वहां गांव निवासी चार लोग पहुंचे। इस पर वह घर के अंदर जाने लगीं तो चारो ने उन्हें पकड़ लिया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर मारापीटा। शोर सुनकर गांव के लोगों को आता देख दबंग धमकी देते हुए भाग गए।
मारपीट में घायल मां-बेटी ने रविवार को कोतवाली पहुंचकर चारों को नामजद करते हुए तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। इस पर मां-बेटी ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्या से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।