फखरपुर के तुलापुरवा गांव में ग्रामीण से रुपये लेता एंबुलेंस कर्मी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। गजाधरपुर ग्राम पंचायत के तुलापुरवा निवासी एक प्रसव पीड़िता को 102 एंबुलेंस से घर भेजा गया। घर पहुंचने पर एंबुलेंस कर्मी ने परिवारीजनों से रुपये ले लिए। इसका वीडियो वायरल हो गया है। सीएमओ ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
फखरपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत गजाधरपुर के तुलापुरवा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र बदलू की पत्नी गर्भवती थी। इस पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में भर्ती कराया। महिला ने सामान्य प्रसव से बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद परिवारीजन शनिवार को प्रसूता को 102 एंबुलेंस से लेकर घर पहुंचे। यहां पर 102 एंबुलेंस (यूपी 32 ईजी 1081) पर तैनात कर्मचारी ने परिवारीजनों से रुपये ले लिए।
इसका वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया। इसके बाद इसे सोशल मीडिया ग्रुप पर वायरल कर दिया। इस मामले में सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह का कहना है कि अभी वीडियो नहीं देखा। वीडियो देखने के बाद मामले की जांच करायी जाएगी। इसके बाद एंबुलेंस पर तैनात कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी।