फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौत के बाद जारी किया क्रेडिट कार्ड

Sun, 22 Nov 2015 09:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
एक व्यक्ति की बीते जनवरी को मौत हो गई। बैंक ने उसकी मौत के बाद भी क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया। इसके बाद उसके खाते से 1.14 लाख रुपये नकदी निकाल ली गई। इसकी भनक मृतक के परिवारीजनों को तब लगी, जब दो दिन पूर्व बैंक ने आरसी नोटिस जारी कर दिया।
विज्ञापन


नोटिस देख परिवारीजन भौचक रह गए। बैंक में हुई इस हेराफेरी से अन्य खातेदार भी सकते में हैं। विकासखंड मिहींपुरवा अंतर्गत ग्राम गुलरा कारीकोट निवासी स्वर्गीय रामनरायन ने वर्ष 2014 में खेती बाड़ी के लिए क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए इलाहाबाद बैंक सुजौली में आवेदन किया था।

बैंक के अधिकारी उसे दौड़ाते रहे लेकिन क्रेडिट कार्ड नहीं बनाया। बीते 20 जनवरी को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद पूर्व में किये आवेदन पर बैंक ने क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया। बैंक ने 1.15 लाख की लिमिट बना दी। बीते 22 जनवरी को उसके खाते से 1.14 लाख रुपये निकाल लिए गए।
विज्ञापन


छह माह से अधिक समय बीत गया लेकिन निकाली गई धनराशि जमा न होने पर बैंक के प्रबंधक ने मृतक के नाम से आरसी नोटिस जारी कर दिया। गुरुवार को बैंक की नोटिस मृतक रामनरायन के पुत्र हृदयलाल को मिली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

वह दूसरे दिन भागकर बैंक पहुंचा तो पता चला कि उसके पिता के नाम पर फर्जीवाड़ा कर क्रेडिट कार्ड बनाया गया है। साथ ही 1.14 लाख रुपये खाते से निकाले गए हैं। परेशान हृदयलाल ने शाखा प्रबंधक से शिकायत की तो उन्होंने अनसुना कर दिया। हृदयलाल का कहना है कि जब पिता की मौत 20 जनवरी को हो चुकी है तो वह पैसा कैसे निकाल सकते हैं।

पुत्र हृदय लाल का कहना है कि तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने पिता का मृत्यु सर्टिफिकेट जारी किया है। उसने शाखा प्रबंधक को दिखाया लेकिन उन्होंने कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। इस पर पुत्र ने एलडीएम से शिकायत की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें