कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को मासिक समीक्षा बैठक के दौरान डीएम नितीश कुमार ने विकलांगजनों का शत प्रतिशत सर्वे नहीं कराने पर जिला विकलांग कल्याण अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टी देने के निर्देश दिए। इसके साथ कई विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मुख्यमंत्री का 20 जून को जिले का दौरा प्रस्तावित है।
इसके मद्देनजर योजनाओं व कार्यक्रमों को दुरुस्त करने की कवायद चल रही है। इस बीच शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई मासिक समीक्षा बैठक में विकलांगजनों का शत प्रतिशत सर्वेक्षण नहीं कराए जाने से नाराज डीएम नितीश कुमार ने जिला विकलांग कल्याण अधिकारी महेंद्र को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।
इसके साथ बैठक में अनुपस्थित व मंडी निर्माण कार्य में शिथिलता बरतने वाले उप निदेशक मंडी परिषद को कारण बताओ नोटिस दी गई है। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान सोलर पंप स्थापना की तीन हार्स पावर सोलर पंप में 18 के सापेक्ष कोई प्रस्ताव नहीं भेजने तथा किसान पारदर्शी योजना के तहत किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण में 96554 के सापेक्ष मात्र 53293 का पंजीकरण करने पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने तत्काल किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया।
पशुपालन की कु़क्कुट विकास नीति के तहत संचालित कामर्शियल लेयर फार्मिंग के लक्ष्य एवं माइक्रो कामधेनु का लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
राजीव गांधी विद्युतीकरण, माध्यमिक शिक्षा अभियान, आंगनबाड़ी के अवशेष केंद्रों का निर्माण सहित कई भवन, कब्रिस्तान बाउंड्रीवाल निर्माण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है। इस दौरान सीडीओ एनपी सिंह, डीडीओ दिनेश कुमार सहित कई अफसर मौजूद थे।