फखरपुर (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर शनिवार को कुंडासर-वजीरगंज मोड़ के पास बस को ओवरटेक करते समय पिकअप व कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में 14 लोग घायल हो गए। इनमें सात की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी लोग रिसिया से लखनऊ जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां सात लोगों की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
रिसिया निवासी वसीम की रिश्तेदारी लखनऊ में है। शनिवार को परिवार के लोग रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार व पिकअप से लखनऊ के लिए रवाना हुए। दोपहर में दोनों वाहन जब फखरपुर थाना अंतर्गत कुंडासर-वजीरगंज मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने जा रही रोडवेज की बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस का कोना लगने से पिकअप अनियंत्रित हो गई। उसने पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार में टक्कर मार दी। इससे बेकाबू होकर दोनों वाहन सड़क पर पलट गए।
हादसे से चीख पुकार मच गयी। आसपास के लोग दौड़े। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहनों में सवार घायल रिसिया निवासी वसीम, शाहरुख खान, मैनुद्दीन, फैयाज, शौकत, मोहम्मद खालिद, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद सहजाद, गुरुवचन, शमशीदा बेगम, चालक फिरोज आलम निवासी सौगहना, शमीम निवासी परसेंडी को बाहर निकलवाया।
आनन-फानन में सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने फैयाज, फिरोज आलम, शौकत, मोहम्मद सिराज, शमशाद, गुरुवचन और मोहम्मद शमीम की हालत गंभीर देखकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।