बहराइच। मनरेगा योजना व औद्यानिक विकास कार्यक्रम की जमीनी हकीकत जानने के लिए शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारी शनिवार को बहराइच पहुंचे। यहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मनरेगा के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शासन से नामित नोडल अधिकारी डॉ. राजीव वर्मा ने औद्यानिक विकास कार्यक्रम एवं मनरेगा योजना की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि मनरेगा के कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने राजकीय स्वर्ण जयंती पौधशाला बभनी में मनरेगा योजनांतर्गत कराए गए पौधरोपण, पौध उत्पादन व पौधशाला उच्चीकरण के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान राजकीय स्वर्ण जयंती पौधशाला बभनी के प्रभारी आरके वर्मा ने नोडल अधिकारी को बताया कि मनरेगा के अंतर्गत 32 हजार फलदार कलमी पौधों का उत्पादन किया जा रहा है और दो हजार फलदार पौधों का रोपण किया गया है। जिससे जिले के किसानों को अधिक से अधिक उन्नत किस्म के फलदार पौधे उपलब्ध हो सके। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी पारसनाथ, अखंड प्रताप सिंह, रश्मि शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।