खैरीघाट (बहराइच)। थाना क्षेत्र के रामपुर धोबियाहार निवासिनी एक महिला की दबंगों ने रविवार को रास्ते के विवाद में पिटाई कर दी। महिला गर्भवती थी। पिटाई के कारण महिला का गर्भपात हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवजात शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रामपुर धोबियाहार निवासी राकेश कुमार की पत्नी शिवानी गुप्ता का रास्ते को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया। जिस पर उन लोगों ने शिवानी की पिटाई कर दी। वह पांच माह की गर्भवती थी। पेट में चोट लगने के कारण उसका गर्भपात हो गया।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने विपक्षी दंपती रंगीला व चंदरू के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खैरीघाट थानाध्यक्ष निखिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर नवजात शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।