बिछिया (बहराइच)। बाघ संरक्षित वन क्षेत्र में चीतल का शिकार करने जंगल में आए शिकारी को गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। शिकारी के पास से कई उपकरण भी बरामद हुए है। शिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वन विभाग की टीम ने जेल भेज दिया है।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में सुजौली रेंज के बगुलहिया बीट के कक्ष संख्या दो में बाघ संरक्षित वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी। तभी टीम की नजर एक युवक पर पड़ी। वन विभाग की टीम को देखकर युवक भागने लगा। टीम ने घेराबंदी करते हुए युवक को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान खाबड़, कुल्हाडी व हंसिया समेत अन्य उपकरण बरामद हुए। वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चीतल के शिकार के उद्देश्य से वह जंगल में आया था। उसकी पहचान विशेश्वर पुत्र गणेशी निवासी दुर्गा गौढ़ी थाना मुर्तिहा के रूप मे हुई है। शिकारी को वन अधिनियम की विभिन्न धाराओ में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।