बहराइच। ग्राम पंचायत चांदपारा में बुधवार शाम घर के पास टंकी के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरकर कन्नादेवी (35) की डूबकर मौत हो गई। हादसे से परिवार के लोग बेसुध हो गए।
चांदपारा निवासी बाबादीन ने बताया कि उनकी बेटी कन्नादेवी बुधवार शाम घर से नित्यक्रिया के लिए निकली थी। काफी देर तक वह नहीं लौटी, तो परिजन चिंतित हो उठे और उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान घर से कुछ दूरी पर बने गड्ढे में बेटी का शव दिखा।
गड्ढा पानी से भरा हुआ था, जिससे अंदेशा है कि फिसलकर गिरने से डूबकर कन्नोदेवी की मौत हुई है। परिजनों ने तत्काल शव बाहर निकाला और हरदी थाने में सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेलिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह गड्ढा जल निगम की ओर से टंकी निर्माण के लिए खोदा गया था, लेकिन कोई सुरक्षा घेरा नहीं बनाया गया था और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।