भगवानपुर। बल्लू पुरवा गांव में बृहस्पतिवार देर शाम भेड़िये ने एक ग्रामीण की बकरी पर हमला कर दिया। उसे बचाने के चक्कर में ग्रामीण भी जख्मी हो गया। गांव में ही निजी चिकित्सक से घायल ग्रामीण का उपचार करवाया गया।
गांव निवासी वंशराज (50) शाम को अपने घर के बाहर मौजूद थे। कुछ दूरी पर उनकी बकरियां बंधी थीं। उन्होंने बताया कि दरवाजे पर अचानक भेड़िया आ धमका और बकरी के बच्चे को जबड़े में दबोचकर भागने लगा। उन्होंने पीछा कर कुछ दूरी पर बकरी के बच्चे को छुड़ा लिया, लेकिन इस दौरान भेड़िये ने उन पर भी हमला कर दिया। इससे उनका पैर जख्मी हो गया। उनके हाथ में डंडा था, जिसकी मदद से उन्होंने किसी तरह भेड़िये को भगा दिया। डीएफओ रामसिंह यादव ने बताया कि रेंजर टीम को मौके पर भेजा जा रहा है।