मैलानी जाने वाली ट्रेन का ड्राइवर शुक्रवार को अचानक छुट्टी पर चला गया। इसके चलते रास्ते में ट्रेन खड़ी हो गई। गोंडा से दूसरे चालक के पहुंचने पर 40 मिनट बाद ट्रेन रवाना की जा सकी। इससे यात्री काफी परेशान रहे।
बहराइच रेलवे स्टेशन से मैलानी के लिए जाने वाली 52251 ट्रेन सुबह नौ बजे रवाना होती है। शुक्रवार सुबह ट्रेन प्लेटफार्म पर लग चुकी थी। यात्री टिकट खरीद कर ट्रेन पर सवार हो गए। उसी दौरान इंजन ड्राइवर कहीं चला गया। ट्रेन को विलंब होते देख यात्रियों ने जानकारी की। इस पर बताया गया कि दूसरा ड्राइवर गोंडा से आ रहा है।
उसके आने के बाद ट्रेन रवाना की जाएगी। सुबह करीब 9:40 बजे दूसरे ड्राइवर के पहुंचने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस बीच रिसिया, मटेरा, नानपारा आदि रेलवे स्टेशनों पर खड़े यात्री भी दूसरे लोगों से ट्रेन की जानकारी लेने में जुटे रहे।
स्टेशन अधीक्षक पीके सिन्हा ने बताया कि इंजन चालक की पत्नी की तबियत अचानक खराब होने से वह अस्पताल चला गया था। दूसरे चालक के आने पर ट्रेन को रवाना किया गया।