फेंकी गई अंगुली लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन, देर होने से नहीं जुड़ सकी
दोषी मिलने पर बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को किया निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। स्कूल में नल पर पानी पीने गए एक छात्र की अंगुली कट गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने छात्र का बिना इलाज कराए घर भेज दिया और अंगुली को नल के छेद से निकलवाकर रसोइया से खेत में फेंकवा दिया। छात्र के परिवारीजनों की शिकायत पर उच्चाधिकारियों को सूचना न देने आदि मामले में दोषी पाए जाने पर बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है।
कैसरगंज ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय तौकलपुर में कक्षा 3 का छात्र देवा शुक्रवार को नल पर पानी पीने गया। कक्षा 4 का छात्र शिवम नल चला रहा था। नल के एक छेद में देवा ने अंगुली डाल दी, जिससे उसकी अंगुली कट कर नल के होल में ही फंस गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक इकरार अहमद ने बिना इलाज कराए बच्चे की कटी हुई अंगुली पर कॉटन और पट्टी बांधकर स्कूल के बगल में खेत में फेंकवा दिया और बच्चे को टिटनेस का इंजेक्शन लगवाने के लिए घर भेजा दिया।
छात्र देवा के पिता शिवनंदन ने बताया कि उन्हें दोपहर सूचना मिली कि बच्चे की अंगुली में चोट लग गई है। डॉक्टर के पास ले जाने पर पता चला कि अंगुली का ऊपरी हिस्सा कट कर अलग हो गया है। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने सही जानकारी नहीं दी। छात्रों के चले जाने के बाद रसोइया नीलम ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को बताया कि नल के छेद में बच्चे की अंगुली का एक हिस्सा फंसा हुआ है। इस पर उन्होंने अंगुली का हिस्सा निकलवाकर रसोइया से बगल के खेत में फेंकवा दिया।
इस बीच देवा का बड़ा भाई कक्षा चार का छात्र सल्लू मिश्रा फेंकी गई कटी अंगुली लेकर परिवारीजनों के साथ अस्पताल पहुंचा। अधिक देर हो जाने के कारण डॉक्टर अंगुली नहीं जोड़ सके। परिजनों की शिकायत पर बीएसए ने मामले की जांच बीईओ कैसरगंज से कराई, तो पूरा मामला सही पाया गया। बीईओ की रिपोर्ट के बाद बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
खंड शिक्षाधिकारी से कराई गई जांच में प्रभारी प्रधानाध्यापक दोषी पाए गए हैं। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में प्रभारी प्रधानाध्यापक को गोड़ियनपुरवा (कंदौली) स्कूल से संबद्ध किया गया है।
-आशीष कुमार सिंह, बीएसए