लखीमपुर के खमरिया थाना क्षेत्र में खानीपुर के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन। स्रोत-ग्रामीण
लखीमपुर जिले में हुआ हादसा, बहराइच के गूढ़ गांव से निकले थे जलाभिषेक के लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
मिहींपुरवा(बहराइच)। ट्रैक्टर- ट्राली पर सवार होकर शनिवार को मोतीपुर थाना क्षेत्र के गूढ़ गांव से दर्जनों कांवाड़िया जालिमनगर स्थित सरयू नदी से जल लेकर गोला गोकर्णनाथ लखीमपुर जिले में जलाभिषेक करने जा रहे थे। जब वह लोग लखीमपुर जिले के खमरिया थाना क्षेत्र के खानीपुर के पास पहुंचे। तभी सामने से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राॅली सवार कांवड़ियों को टक्कर मार दी। जिससे ट्राॅली पलट गई और उसके नीचे आठ कांवड़िये दब गए। चीख-पुकार सुन आननफानन ग्रामीणों ने ट्राॅली को हटाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां राजेश पांडेय (45) को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, ललित वाजपेयी के हाथ पैर कट गए। सभी को लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गूढ़ गांव से कांवड़िया जलाभिषेक करने ट्रैक्टर-ट्राॅली में सवार होकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। लखीमपुर जिले में ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्राॅली पलटने से गूढ़ गांव निवासी राजेश पांडेय की मौत हो गई। वहीं गांव निवासी ललित के ट्रॉली के नीचे दबने से हाथ-पांव कट गए। अन्य छह घायलों की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।