बहराइच। शहर में मंगलवार को दोपहर 12 बजे एक सनकी युवक ने घंटाघर चौक पर चढ़कर जमकर हंगामा किया। युवक की हरकत देख मौके पर भीड़ जुट गई। उसे उतारने के लिए एक युवक सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ा तो सनकी ने उसे धकेल दिया, जिससे वह गिरकर घायल हो गया।
घायल की पहचान बहराइच के थाना विशेश्वरगंज श्रीनगर निवासी राजेश वर्मा के रूप में हुई है। उनके दोनों हाथ टूटने की बात सामने आ रही है। मौके पर पहुंची फायर टीम ने रेस्क्यू कर सनकी युवक को नीचे उतारा। उसे हिरासत में ले लिया गया है। उसकी पहचान कोतवाली नगर के गुदड़ी निवासी 25 वर्षीय धीरज के रूप में हुई है। नगर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से करीब एक घंटे तक अफरातफरी मची रही। इस दौरान भीड़ एकत्र हो जाने से जाम की स्थिति भी बन गई।