मोतीपुर (बहराइच)। सुजौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कारीकोट में मंगलवार शाम हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। जंगल से निकले हाथियों ने डेढ़ बीघे गन्ने की फसल चट कर दी। किसानों ने गोला दागा। ट्रैक्टर का हार्न बजाया पर हाथियों का झुंड दो घंटे तक उत्पात मचाता रहा।
सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कारीकोट के मजरा जमुनिहा निवासी किसान निर्मल सिंह के गन्ने के खेत में मंगलवार शाम जंगली हाथियों के एक झुंड ने धावा बोल दिया। खेत के किनारे लगे तारों के बाड़ को तोड़कर हाथी अंदर घुस गए। गन्ने की फसल को चट कर गए।
इस दौरान हाथियों को भगाने के लिए निर्मल ने गोले-पटाखे दागे, ट्रैक्टर का हार्न बजाया और भी कई जतन किए, लेकिन हाथियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। लगभग दो घंटे तक हाथियों का झुंड खेत में डटा रहा। पीड़ित निर्मल ने बताया कि झुंड में लगभग 10 हाथी थे। उन्होंने वन कर्मियों को नुकसान की सूचना दी है।