नर्सिंगहोम के गार्ड की मौत के मामले में जांच करती पुलिस।
- फोटो : नर्सिंगहोम के गार्ड की मौत के मामले में जांच करती पुलिस।
बहराइच। शहर के घसियारीपुरा स्थित एक नर्सिंग होम में तैनात बुजुर्ग गार्ड को नशे में धुत युवक ने पीटकर जमीन पर पटक दिया। इससे गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घसियारीपुरा स्थित महादेवा मंदिर के पास सर्जन डॉ. पंकज श्रीवास्तव का नर्सिंगहोम है। डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार, मोहल्ले का एक दबंग युवक अनुपम पांडेय अक्सर नर्सिंगहोम में घुसकर दबंगई दिखाता है। सोमवार शाम नर्सिंग होम पर रानीपुर इलाके के फिरोजपुर निवासी गार्ड नंदपाल सिंह (62) ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान नशे की हालत में अनुपम पहुंचा और नर्सिंग होम में घुसने का प्रयास करने लगा। गार्ड नंदपाल ने उसे रोका तो उनकी पिटाई कर दी और उन्हें सड़क पर पटक दिया। इससे गार्ड की हालत बिगड़ गई। अन्य कर्मचारियों ने नंदपाल को तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर एसपी सिटी अशोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा और कोतवाली प्रभारी देहात दद्दन सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। एसपी सिटी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।