विशेश्वरगंज में मेडिकल स्टोर में लगी आग से जला सामान।
विशेश्वरगंज (बहराइच)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिसहना के मजरा पंडितपुरवा स्थित एक मेडिकल स्टोर में बुधवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, मेडिकल स्टोर में रखी लाखों की दवाएं व सामान जलकर राख हो गए।
सिसहना गांव निवासी पंकज कुमार पाठक पंडितपुरवा चौराहे पर मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। पंकज ने बताया कि बुधवार की रात रोज की तरह वह मेडिकल स्टोर बंद कर घर चले गए थे। रात लगभग 9:30 बजे स्टोर मेंं अज्ञात कारणों से आग लग गई। स्टोर से धुंआ निकलता देख स्थानीय लोगोंं ने इसकी सूचना दी। जब तक दुकानदार मौके पर पहुंचते आग ने पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। पीड़ित ने बताया कि लाखों का नुकसान हुआ है। राजस्व टीम को सूचना दी गई है।