शिवपुर। रूपईडीहा के चमारनपुरवा गांव निवासी पुष्पा देवी ने मटेरा निवासी एक बैंक कर्मचारी पर 1.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर लेने आरोप लगाया है। इस शिकायत पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि वह अपने पति संदीप कुमार के साथ यूनियन बैंक नानपारा गई थीं, जहां उनकी मटेरा निवासी अमित जायसवाल से मुलाकात हुई। वह अपने को बैंक का कर्मचारी बता कर मिला। उसने लोन लेने का ऑफर दिया, लेकिन पीड़िता ने लेने से मना कर दिया।
आरोप है कि कुछ दिन बाद लोन की रकम उनके खाते में आ गई। इस पर बैंक जाकर जानकारी ली तो, पता चला कि भैंस पालन के लिए 1.60 लाख रुपये का लोन हुआ है। इस पर उसके जोर-जोर से चिल्लाने पर वह आरोपी वहां पहुंचा और फुसलाकर भैंस खरीद कर देने की बात कहते हुए सारे रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
काफी दिन बीतने के बाद भी भैंस नहीं दी। इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।