गिलौला (श्रावस्ती)। सास ने दामाद के खिलाफ बेटी को पीटने की शिकायत पुलिस से की तो वह बौखला उठा। गुस्से में युवक ने रविवार रात हंसिये से वारकर पत्नी को लहूलुहान कर दिया। विवाहिता ने जिला अस्पताल बहराइच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात गिलौला के श्यामपुर नदौना गांव की है।
गिलौला के ग्राम बंतवारा निवासी राजकुमारी ने अपनी बेटी सीमा (28) का विवाह दस साल पहले नदौना निवासी पंकज पुत्र गुड़ई से किया था। दोनों हंसी-खुशी रह रहे थे और उन्हें एक पुत्र विक्राल (5) भी है। रविवार सुबह भोजन बनाने व परोसने को लेकर पंकज और सीमा में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पंकज ने लाठी-डंडों से सीमा की जमकर पिटाई कर दी। सीमा ने यह पूरा वाक्या अपनी मां राजकुमारी को बताया तो उसने गिलौला थाने में दामाद पंकज पर बेटी को मारने-पीटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। रविवार रात जब पंकज को तहरीर के बारे में पता चला तो उसने आपा खो दिया और घर में रखी हंसिया से पत्नी सीमा की गर्दन पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। सीमा की चीख-पुकार पर ग्रामीण दौड़े। तत्काल सीमा के मायके में सूचना दी गई। सीमा की मां राजकुमारी और भाई अलखराम मौके पर पहुंचे। रात में ही उसे जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सीमा ने दम तोड़ दिया। इस मामले में राजकुमारी की तहरीर पर गिलौला पुलिस ने पंकज के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।