तेजवापुर (बहराइच)। रेहुआ मंसूर गांव में भूमि विवाद को लेकर बुधवार सुबह पट्टीदारी के दो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। कहा सुनी के दौरान एक पक्ष ने कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। पति को बचाने दौड़ी महिला के हाथ में गोली लगी है। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के पति ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को नामजद करते हुए थाने पर तहरीर दी है।
रामगांव थाना अंतर्गत रेहुआ मंसूर गांव निवासी टीकाराम और प्रह्लाद पट्टीदारी के चाचा-भतीजे लगते हैं। दोनों के बीच खेती की जमीन को लेकर अरसे से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर बुधवार सुबह टीकाराम और प्रह्लाद के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रह्लाद के बेटे दुखहरन, शुभम व अन्य लोग भी मौके पर आ गए। सभी ने टीकाराम को घेर लिया तो उसकी पत्नी मीनू उसे बचाने पहुंच गई। इसी दौरान प्रह्लाद पक्ष से किसी व्यक्ति ने कट्टे से फायर कर दिया, जिससे गोली मीनू के हाथ में लगी। पेट में भी छर्रे लगे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि टीकाराम की तहरीर पर प्रह्लाद, उनके पुत्र दुखहरन और शुभम के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है।