उर्रा (बहराइच)। बहराइच से सवारियों को लेकर हरखापुर जा रही बस मोतीपुर थाना क्षेत्र में कुट्टी गांव के पास देर रात पलट गई। यह दुर्घटना सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने में हुई। बस में सवार 10 यात्री घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल यात्रियों को सीएचसी पहुंचाया है। बस व ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक फरार हैं।
बहराइच से बस (डब्लूबी 11 ए 4168) प्रतिदिन की तरह रविवार शाम पांच बजे के आसपास सवारियों को लेकर हरखापुर के लिए रवाना हुई। बस जब नानपारा-गायघाट होते हुए उर्रा पहुंची तो वहां बस में सवार आधे से अधिक यात्री उतर गए। 20 यात्री बचे थे। उन्हें लेकर बस हरखापुर के लिए रवाना हुई। बस जब रात 11:00 बजे के आसपास उर्रा-हरखापुर मार्ग पर कुट्टी गांव के पास पहुंची तभी सामने से तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर-ट्राली आ गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने में बस अनियंत्रित होकर गन्ने के खेत में पलट गई। इससे चीख पुकार मच गई। बस में सवार गूढ़ गांव निवासी बसंती देवी (27), अमृतपुर निवासी नंदलाल (24), पाठकपुरवा निवासी रमेश (27), मधवापुर के दुर्गेश (25), पवन शुक्ला (23) सेमरी, अशोक कुमार (33) लालबोझा, रहमत (40) हरखापुर,नसीम (34) सेमरीबाजार समेत 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें बसंती, रहमत अली, नसीम और पवन की हालत नाजुक है।