बहराइच। पयागपुर राजघराने के शिवाला से अष्टधातु की 1.60 क्विंटल वजनी बेशकीमती मूर्तियां शनिवार रात चोरी हो गईं। करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपए की कीमत की राम और हनुमान की मूर्तियों को दो युवक पुजारी व एक कर्मचारी को घायल कर उठा ले गए।
पयागपुर थाना अंतर्गत कोट बाजार और भूपगंज बाजार के बीच राजघराने का पत्थर शिवाला मंदिर है। मंदिर में अष्टधातु की राम-लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, सीता तथा हनुमान की प्रतिमाएं स्थापित हैं। पुजारी राजेंद्र ने देर रात में राज परिवार के जयेंद्र विक्रम सिंह को फोन कर रिश्तेदारी से दो मेहमानों के आने की सूचना दी। सुबह मंदिर परिसर के व्यापारी श्याम वैश्य अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो मंदिर का पूर्व मुख्य पुजारी बच्चाराम मंदिर के पीछे हिस्से में बेहोशी हालत में दिखा। इस पर श्याम ने वर्तमान पुजारी राजेंद्र को सूचना देने के लिए आवाज लगाई, लेकिन जब कोई आहट न मिली तो वह मंदिर परिसर में स्थित राजेंद्र के कमरे तक पहुंचे। वहां पर पुजारी राजेंद्र और चौकीदार कैलाश बेहोशी की हालत में मिले। इस दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने मंदिर में देखा तो अष्टधातु की भगवान राम और हनुमान की प्रतिमाएं गायब थी। तत्काल जयेंद्र विक्रम सिंह को सूचना दी गई। लखनऊ में होने के चलते उन्होंने पयागपुर थानाध्यक्ष संजय दुबे को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक आरएल वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीपति मिश्रा, सीओ बलराम सरोज फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। बेहोश दोनों पुजारी और चौकीदार कैलाश को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर इलाज के बाद सभी को होश आया। लेकिन नशीला पदार्थ खाने के चलते दोनों पुजारी ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं।
राजमहल के प्रबंधक व अधिवक्ता राकेश सिंह ने बताया कि चोरी गई भगवान राम की प्रतिमा लगभग एक क्विंटल वजन की तीन फुट की थी। जबकि हनुमान की प्रतिमा 60 किलो वजन की दो फुट की थी। उन्होंने बताया कि दोनों प्रतिमाएं अष्टधातु की काफी पुरानी थी। जिनकी कीमत डेढ़ अरब से अधिक है। पुलिस अधीक्षक आरएल वर्मा ने कहा कि डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने साक्ष्य जुटाए हैं। महल के कर्मचारी अनिल कुमार सिंह की तहरीर पर प्रतिमा चोरी का केस दर्ज किया गया है।