बहराइच। दरगाह मेले में एक माह तक शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखा जाता था लेकिन इस बार पावर कॉर्पोरेशन की ओर से नई व्यवस्था की गई है। व्यवस्था के तहत सिर्फ दरगाह मेला परिक्षेत्र में ही 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने का रोस्टर तैयार किया गया है, जबकि दरगाह मेले के दौरान मेला परिक्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए शहरवासियों को बिजली कटौती से जूझना पड़ सकता है।
जिले में लगने वाला दरगाह का जेठ मेला शुरू हो गया है। प्रत्येक वर्ष मेले के दौरान बिजली विभाग की ओर से एक माह तक शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखा जाता था। एक माह तक शहरवासियों को 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होती थी। लेकिन इस वर्ष दरगाह मेले में बिजली विभाग की ओर से नई व्यवस्था लागू की गई है। विभाग की ओर से दरगाह मेला परिक्षेत्र में विभाग की टीमें गठित कर 24 घंटे तक सिर्फ मेला परिक्षेत्र में ही विद्युत आपूर्ति देने की व्यवस्था बनाई गई है। जबकि शहर के अन्य इलाकों में कटौती का सिलसिला जारी रहेगा। मालूम हो कि प्रदेश सरकार की ओर से शहरी क्षेत्र में 18 घंटे व ग्रामीण क्षेत्रों में 12 से 14 घंटे तक बिजली देने की घोषणा की थी। लेकिन जिले की विद्युत आपूर्ति सरकार के आदेश के बावजूद बदहाल अवस्था में है। हालात यह है कि शहरी क्षेत्र में बमुश्किल 12 से 14 घंटे ही आपूर्ति हो रही है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति का बहुत ही बुरा हाल है। इस मामले में अधिशासी अभियंता आरिफ अहमद का कहना है कि दरगाह फीडर की सप्लाई इस लिए अलग की गई है। जिससे मेलार्थियों को दिक्कत न हो।