गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला-सिसवारा मार्ग पर रघुनाथपुर गांव के पास मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली पर सवार दंपती समेत एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, उसे सीएचसी भंगहा में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर चालक मौके पर वाहन छोड़कर भाग निकला।
गिलौला कस्बा से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (यूपी 46 बी 3367) मंगलवार दोपहर बालू गिराने सिसवारा गई थी। शाम को लौटते समय रास्ते में खड़े भिनगा कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ी निवासी सांवल प्रसाद (50) ने ट्रैक्टर चालक से लिफ्ट मांगी। सांवल के साथ उसकी पत्नी रामकुंवारा (48), छोटे भाई की पत्नी रानी देवी (35) और कोतवाली क्षेत्र के ही गौहनिया निवासी राम प्रसाद बहेलिया (45) भी थी। चालक ने गाड़ी रोकी तो चारों ट्रॉली पर सवार हो गए और गंतव्य के लिए रवाना हुए। रघुनाथपुर गांव के पास जब ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंची तो तेज रफ्तार के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से सांवल प्रसाद, रामकुंवारा व राम प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रानी को गंभीर चोट आई है।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। गिलौला पुलिस भी मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल रानी देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंगहा पहुंचाया गया, जबकि तीनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बारे में थानाध्यक्ष दिनेश यादव बताते हैं कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। यदि परिवारीजनों की ओर से तहरीर मिली तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर चालक फरार है, उशकी तलाश की जा रही है।