मटेरा चौराहा (बहराइच)। असवा मोहम्मदपुर निवासी नानपारा विधायक के दामाद के घर से चोरों ने साढ़े चार लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इसी गांव में बुधवार रात पुलिस पिकेट भी ठहरी हुई थी। इसके अलावा इसी गांव के दो अन्य घरों से भी दस हजार की चोरी हुई है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत ग्राम असवा मोहम्मदपुर निवासी राम दयाल वर्मा कांग्रेस विधायक माधुरी वर्मा के दामाद हैं। वह गांव में अपने पुराने मकान में भाई विष्णु वर्मा और बच्चों के साथ रहते हैं। बुधवार रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे। चोरों ने घर में रखे चार लाख जेवरात समेत पचास हजार रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह परिजन उठे तो सभी ने घर के कमरों का ताला टूटा पाया। सूचना मिलने पर रामदयाल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद चोरों ने गांव निवासी विनोद और सुग्गू के घर से लगभग दस हजार की संपत्ति पार कर दी। प्रभारी निरीक्षक जेपी तिवारी ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। गौरतलब है कि पुलिस गांव में रुकी हुई थी। क्षेत्र के हल्का नंबर तीन के पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही पंकज पांडेय व सुरेंद्र ओझा देर रात गांव पहुंचे और यहीं रुके हुए थे।