बहराइच। जिगिनिया महिपाल सिंह गांव निवासी एक महिला ने डीएम को पत्र भेजकर ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मासूम बच्चे को जबरन छीन ले जाने का आरोप लगाया है। महिला की मांग है कि मामले की जांच करवाकर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
रानीपुर थाना अंतर्गत जिगिनिया महिपाल सिंह गांव निवासी नेवरता ने डीएम को पत्र भेजकर कहा कि चार साल पूर्व उसका विवाह थाना बौंडी के ग्राम अरई निवासी भगौती के साथ हुआ था। करीब दो माह से पति, सास और ससुर विवाह में कम दहेज लाने की बात कहकर उत्पीड़न कर रहे हैं। नेवरता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने उसे घर से भगा दिया। मौजूदा समय में वह अपने माता-पिता के साथ रह रही है। महिला का कहना है कि नौ मार्च को पति, सास व ससुर मायके आए और अभद्रता करने लगे। पति ने जबरन उसके गहने छीन लिए और उसके आठ माह के बेटे शिवदयाल को जबरन ले गए। जाते समय सभी ने जान माल की धमकी भी दी है। शिकायत करने पर बेटे की हत्या करने की भी बात कही है। पीड़िता ने डीएम से घटना की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई कर बच्चा व गहने वापस दिलाए जाने की मांग की है।