बहराइच। तराई में मौसम पल-पल बदल रहा है। शुक्रवार रात से सुबह तक घना कोहरा छाया रहा। हालांकि, दिन में मौसम सामान्य हुआ। हल्की धूप से लोगों ने कुछ राहत महसूस की।
लेकिन पछुवा हवा से लोग ठिठुरते रहे। लोगों को गलन का एहसास हुआ। मजदूरीपेशा वर्ग के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
शुक्रवार रात दस बजे से शहर, गांव और कस्बे कोहरे की चपेट में आ गए थे। दृश्यता महज 10 मीटर की थी। पास में देखना मुश्किल हो रहा था। यही स्थिति शनिवार सुबह सात बजे तक बरकरार रही।
इसके बाद मौसम सामान्य होने लगा और नौ बजे तक हल्की धूप निकली। लेकिन पछुवा हवा चलती रही। जिस कारण ठिठुरन और गलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं।
घरों से निकले लोग गर्म कपड़ों में अपने को ढकते दिखे। शाम होते ही फिर जिला धुंध की चपेट में आ गया।
तापमान में अभी होगी और गिरावट
फसल अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक आरके श्रीवास्तव ने बताया कि जिले का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से पछुवा हवा तराई में गलन का एहसास करा रही हैं। आगामी दो दिनों में तापमान में और गिरावट होने के संकेत मिल रहे हैं। साथ ही हल्की वर्षा की भी संभावना है।