रुपईडीहा (बहराइच)। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को नेपाल सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र का मुआयना किया। नोमेंस लैंड पर अतिक्रमण देख डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट और सीमा शुल्क चौकी की स्थिति देखी। आवागमन व्यवस्था की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव शनिवार दोपहर में पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के साथ इंडो-नेपाल सीमा पर पहुंची। उन्होंने भारत-नेपाल द्वार पर पहुंचकर आवागमन की व्यवस्था देखी।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल कुमार गिरि से सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का निरीक्षण कर उनकी खामियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
सीमा पर हो रहे इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट निर्माण की व्यवस्था भी देखी। नोमेंस लैंड पर जगह-जगह अतिक्रमण को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
भारतीय क्षेत्र में गेट लगाने पर डीएम ने अधिकारियों के साथ चर्चा की। इसके बाद कस्टम बैरियर पहुंचकर ऑनलाइन जांच की स्थिति देखी।
कस्टम अधीक्षक शरद कमल, प्रमोद मिश्रा व अमर उपाध्याय से ऑनलाइन जांच के बारे में पूछताछ की। इसके बाद एक ट्रक चालक को बुलाकर उससे भौतिक सत्यापन भी किया।
उसने बताया कि एक ट्रक पास होने में कम से कम आधे घंटे का समय लगता है। रोडवेज बस स्टैंड रुपईडीहा का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश डीएम ने दिए।
मौके पर मौजूद रोडवेज के एआरएम इरफान खान ने बताया कि सड़क चौड़ी न होने से काफी दिक्कतें होती हैं। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक मधुपनाथ मिश्र, एसएसबी के इंस्पेक्टर बीपेंद्र कुमार,खुफिया एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।