बहराइच। कोरोना संक्रमण से जिले के अधिकारी भी अछूते नहीं हैं। रविवार को हुए एंटीजन टेस्ट में जिलाधिकारी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। डीएम को स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में होम क्वारंटीन करा दिया गया है। इसके साथ ही 13 पुलिसकर्मी, डीएम आवास के दो कर्मचारी समेत 85 और लोग पॉजिटिव मिले हैं। उधर शहर के मोहल्ला चिक्कीपुरा निवासी इंजीनियर तथा पयागपुर निवासी शिक्षक के पिता की कोरोना संक्रमण से इलाज के दौरान मौत हो गई। इंजीनियर का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कराया गया।
जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि रविवार को जिलाधिकारी शंभु कुमार का एंटीजन टेस्ट किया गया। जिसमें जिलाधिकारी कोरोना पॉजिटिव निकले। जिलाधिकारी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। चिकित्सकों की टीम डीएम की देखरेख कर रही है। इसके अलावा डीएम आवास के दो कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। सीएमओ ने बताया कि एसपी आफिस के साइबर सेल प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि कैसरगंज थाने के तीन और पुलिस लाइन के दो सिपाही कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
नानपारा चीनीमिल का एक कर्मचारी भी पॉजिटिव मिला है। सीएमओ ने बताया कि 24 घंटे में 85 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। उधर शहर के मोहल्ला चिक्कीपुरा छोटी बाजार निवासी 50 वर्षीय इंजीनियर की कोरोना संक्रमण से शनिवार देर रात को मौत हो गई। स्वास्थ्य टीम और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शहर के गोलवाघाट स्थित श्मशानघाट में शव का अंतिम संस्कार किया गया है।
वहीं पयागपुर निवासी शिक्षक अपने पिता को इलाज के लिए लखनऊ ले गए थे। वहां जांच में उनके कोरोना पाजिटिव होने का पता चला। इस पर उन्हें केजीएमयू लखनऊ में भर्ती करा दिया गया था। जांच में शिक्षक व उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमित मिली थीं। दोनों को होम क्वारंटीन कर दिया गया था। रविवार को इलाज के दौरान शिक्षक के पिता की केजीएमयू में मौत हो गई।
इंजीनियर का बाराबंकी में चल रहा था इलाज
शहर के चिक्कीपुरा निवासी इंजीनियर की कोरोना संक्रमण से हालत खराब होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती किया गया था। इसके बाद स्थिति में सुधार न होने पर तीन अगस्त को लखनऊ रेफर किया गया। बाराबंकी के मेयो अस्पताल में इलाज के दौरान इंजीनियर की मौत हो गई। शव प्रोटोकॉल के तहत जिला मुख्यालय लाया गया, इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। जिले में इंजीनियर को मिलाकर अब तक 10 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
परीक्षा केंद्र निरीक्षण व मंत्रियों की बैठक में शामिल रहे डीएम
जिले में रविवार को किसान डिग्री कॉलेज में बीएड की प्रवेश परीक्षा हुई। इसका निरीक्षण जिलाधिकारी ने अधिकारियों व केडीसी के शिक्षकों के साथ किया। इससे पूर्व डीएम जिले में आए दो मंत्रियों के साथ बैठक में भी शामिल हुए थे। ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।