दुकान में करंट से युवक की मौत, महिला झुलसी
बहराइच। तेजवापुर के सधुवापुर बाजपेईपुरवा गांव में गुरुवार को किराने की एक दुकान में हाईटेंशन लाइन का तार छू गया। इससे दुकान में करंट प्रवाहित होने से दुकानदार की मौत हो गई।
वहीं सामान लेने आई महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। युवक के परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस पर पंचनामा के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
महसी तहसील अंतर्गत ग्राम सधुवापुर बाजपेईपुरवा गांव निवासी विष्णु (18) पुत्र करुणाशंकर शुक्ल की किराने की दुकान है। एचटी लाइन उनके दुकान के ऊपर से गुजरी है। गुरुवार को एचटी लाइन का तार दुकान से छू गया। इससे दुकान में करंट प्रवाहित हो गया।
दुकान में मौजूद विष्णु करंट से गंभीर रूप से झुलस गया। इसी दौरान दुकान में सामान लेने लाई कलावती (20) पत्नी अमरेंद्र भी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों को दुकान से निकालकर सीएचसी महसी पहुंचाया।
यहां पर चिकित्सकों ने विष्णु को मृत घोषित कर दिया। सूचना विष्णु के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
इस पर पंचनामा के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस मामले में पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन टीआर श्रीवास्तव का कहना है कि करंट से युवक के मौत की सूचना नहीं मिली है।
करंट से मौत पर परिवारीजनों को पोस्टमार्टम करवाना चाहिए, लेकिन उन्होंने इन्कार कर दिया। बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुआवजा नहीं प्रदान किया जा सकता। विद्युत कर्मियों को भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है।