बहराइच/जरवल। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। गुरुवार को जिलेभर में परियोजना निदेशक समेत 70 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। जरवल के अट्ठैसा गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंटीजन टेस्ट किया, जिसमें छह परिवारों के 14 लोगों समेत 15 लोग संक्रमित मिले। इन सभी मरीजों को जिला मुख्यालय स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इसके अलावा जिला विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक व पयागपुर के एडीओ पंचायत समेत 16 लोग और संक्रमित मिले हैं। इनको होम आइसोलेट करा दिया गया है।
जिले में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर से लेकर गांव के लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। गुरुवार को कुल 70 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। जरवल विकास खंड के अट्ठैसा गांव में डॉक्टर रईस अहमद, चीफ फार्मेसिस्ट सुजाउद्दीन, एलटी सौरभ, एलए संजय कुमार ने छह परिवारों में एंटीजन टेस्ट किया, जिसमें 14 लोग कोरोना संक्रमित मिले। जबकि रेवढ़ा गांव निवासी एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव निकला है।
डॉ. रईस अहमद ने बताया कि इन सभी संक्रमितों को जिला मुख्यालय स्थित कोविड अस्पताल मिशन हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि गुरुवार को कुल 70 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें कुछ मरीजों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। चिकित्सकों की देखरेख में सभी मरीजों का इलाज चल रहा है। उधर, बुधवार को आई कोरोना रिपोर्ट में परियोजना निदेशक, पयागपुर के एडीओ पंचायत फखरपुर थाने के सिपाही कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। परियोजना निदेशक को होम आइसोलेट करा दिया गया है।