विशेश्वरगंज (बहराइच)। ग्राम पंचायत जलालपुर के मजरा पहुंचकट्टा गांव में विकास कार्यों की जांच करने गए एडीओ को ग्रामीणों ने मंगलवार को बंधक बना लिया। बंधक बनाए जाने के बाद सभी ने हमला भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उनको बचाया। एडीओ की तहरीर पर 15 ग्रामीणों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जलालपुर के मजरा पहुंचकट्टा में कुछ ग्रामीणों द्वारा विकास कार्यों में अनियमितता बरते जाने की शिकायत की थी। आरटीआई के तहत सूचना भी मांगी गई थी। सूचना मांगे जाने के बाद बीडीओ ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। बीडीओ के निर्देश पर मंगलवार को सहायक विकास अधिकारी कृषि एसएस सिंह मामले की जांच करने पहुंचे। यहां पर पहले की जांच और आरटीआई में गलत सूचना देने पर ग्रामीणों द्वारा आक्रोश जताया गया।
कहासुनी के बीच ग्रामीणों ने एडीओ को बंधक बना लिया। एडीओ से छीना झपटी करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परियोजना निदेशक अनिल सिंह ने बताया कि एडीओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रवि पांडेय, लोकनाथ, प्रदीप, सोनू शुक्ला, उदय प्रताप, पिंटू दूबे, रामबदल समेत पंद्रह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।