श्ाशिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए जुटे टीचर्स
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार को गहमागहमी के बीच मतदान हुआ। जिले में 63.45 फीसदी मतदान हुआ, जिसमें नवाबगंज में सर्वाधिक 80 फीसदी वोटिंग हुई। पोलिंग बूथों पर सुबह से शाम तक मतदाता वोट डालने पहुंचते रहे। इस दौरा मतदान केंद्रों पर गहमागहमी रही।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक स्नातक विधान परिषद सदस्य पद के लिए बहराइच में 13 मतदान केंद्र बनाए गए थे। शहर के अंदर नगर पालिका परिसर को मतदान केंद्र बनाया गया था। जबकि नानपारा में तहसील परिसर में मतदान केंद्र बना था।
जरवल में 148 में से 90 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विकास खंड नवाबगंज के सेक्टर मजिस्ट्रेट एसके श्रीवास्तव व पीठासीन अधिकारी रामअवतार सिंह ने बताया कि यहां पर 158 मतों में से 121 वोट पड़े हैं। जिसमें 103 पुरुष और 18 महिला मतदाताओं ने वोट डाले। विशेश्वरगंज के सेक्टर मजिस्ट्रेट विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि यहां 299 मत थे। जिसमें 175 पुरुष और 24 महिला मतदाताओं समेत कुल 199 मतदाताओं ने वोट किया है।
एडीएम विद्याशंकर सिंह ने बताया कि पूरे जनपद में 3951 मत थे। जिसमें शाम चार बजे तक कुल 63.45 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि पूरे जिले के 13 मतदान केंद्रों से मतपेटिकाएं शुक्रवार को देर शाम तक जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा होती रहीं।
एडीएम ने बताया कि देर रात तक मतपेटिकाएं जमा होने के बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रामनरायन की देखरेख में सभी 13 पीठासीन अधिकारी गोरखपुर के रवाना हो जाएंगे। जहां निर्वाचन कार्यालय में मतपेटिकाओं को जमा किया जाएगा।