बहराइच। रोडवेज बस अड्डे पर परिवहन निगम में महिला परिचालकों की भर्ती के लिए मंडलीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें चारों जिले से 62 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इनके अभिलेखों की जांच का कार्य बुधवार से प्रारंभ होगा। पूरी प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी होगी। वहीं, दूसरी ओर अभी निगम को यह तक पता नहीं है कि उनके पास कितने रिक्त पद हैं। एआरएम ज्ञान चंद्र बताते हैं कि अभी उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कितने पद रिक्त हैं। बस वह इतना जानते हैं कि जिनके अभिलेख सही मिलेंगे, उन्हें परिचालक पद पद रखा जाएगा। महिला परिचालक के पद अभ्यर्थियों का इंटर पास होने के साथ कंप्यूटर में ट्रिपल सी का प्रमाणपत्र आवश्यक है। इसके अलावा राष्ट्रीय आजीविका मिशन, कौशल विकास प्रमाणपत्र, एनसीसी, एनएसएस व स्काउट गाइड में से किसी एक का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। संविदा महिला परिचालक की 22 दिनों की ड्यूटी के दौरान पांच हजार किलोमीटर पूरा करने पर तीन हजार की प्रोत्साहन राशि के साथ 2.02 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही पीएफ, फ्री यात्रापास व नाइट भत्ता के साथ साढ़े सात लाख का दुर्घटना बीमा भी प्रदान किया जाएगा।
मांग के अनुसार होगी तैनाती
महिला परिचालक के पदों के लिए मंगलवार को आयोजित हुए रोजगार मेले में देवीपाटन मंडल से चारों जिले के 62 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन में लगाए गए प्रमाणपत्रों की जांच के बाद देवीपाटन मंडल के चारों रोडवेज बस अड्डे में से अभ्यर्थियों की मांग के अनुसार संबंधित बस अड्डे पर महिला परिचालक की तैनाती की जाएगी। -ज्ञानचंद्र, एआरएम