बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश को लेकर नो हेलमेट नो पेट्रोल व्यवस्था को लागू की गई है। नियम के प्रति बाइक सवारों को जागरूक करने के लिए एआरटीओ महकमे ने पेट्रोलपंपों समेत सभी सरकारी विभागों व चौक चौराहों आदि स्थानों पर नो हेलमेट नो पेट्रोल का स्लोगन लिखा बैनर, पोस्टर को लगाने के साथ लोगों के बीच पर्चे बांट कर जागरूकता अभियान चलाया था।सोमवार से जिले के सभी 112 पेट्रोलपंपों पर नो हेलमेट नो पेट्रोल का फार्मूला कड़ाई से लागू हो गया है। पहले दिन जिले के पेट्रोलपंपों से 50 फीसदी से अधिक बिना हेलमेट लगाए बाइक सवारों खाली हाथ बगैर पेट्रोल के लौटना पड़ा। इस दौरान बाइक सवारों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि कुछ बाइक सवार पेट्रोलपंप के बाहर हेलमेट लगाए बाइक सवारों से हेलमेट मांगकर अपने वाहनों में पेट्रोल लेते भी दिखाई दिए। पूर्ति विभाग के डीएसओ नरेंद्र तिवारी शहर में पूर्ति निरीक्षक सलीम अहमद नानपारा में और विभाग की अन्य टीमें जिले की तहसीलों में स्थित पेट्रोलपंप पर भ्रमण कर बिना हेलमेट के आने वाले बाइक सवारों सड़क सुरक्षा नियमों का पाठ पढ़ाते हुए जागरूक किया। सोमवार को नो पेट्रोल नो हेलमेट फार्मूले की हकीकत का पड़ताल करती वीरेंद्र श्रीवास्तव और जावेद सिद्दीकी की रिपोर्ट:-
सड़क दुर्घटना से बचने के लिए बेहतर है कदम
सड़क दुर्घटना हो रही बाइक सवारों की मौतों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार यह बेहतर कदम है। सभी को बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग जरूर करना चाहिए।
विकास कुमार
हेलमेट का प्रयोग जरूर करें
बाइक चलाते समय हेलमेट का फार्मूला लागू होना अच्छी बात है। सभी को यातायात नियमों का पालन करते हुए ही बाइक चलाना चाहिए।
देवेंद्र प्रताप
कड़ाई से लागू कराया जा रहा नियम
पेट्रोलपंपों में बाइक सवारों को नो हेलमेट नो पेट्रोल का फार्मूला कड़ाई के साथ लागू कराया जा रहा है। सोमवार को नियम लागू होने के पहले दिन बिना हेलमेट लगाए करीब 50 फीसदी बाइक सवारों को पेट्रोलपंप लौटा दिया गया।
सुधीर श्रीवास्तव, पेट्रोलपंप मैनेजर