बहराइच। शहर की ग्रीन सिटी कॉलोनी में दवा व्यवसायी के घर से लाखों की चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने घर में रखी पांच लाख की नकदी और 50 लाख से अधिक के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब व्यवसायी अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए लखनऊ गए हुए थे।
दरगाह क्षेत्र स्थित ग्रीन सिटी कॉलोनी निवासी मनोज बंसल हीरासिंह मार्केट में बंसल फार्मा नाम से दवाओं की थोक दुकान चलाते हैं। तीन दिन पहले वह पत्नी के इलाज के लिए लखनऊ गए थे। शुक्रवार शाम जब लौटे और उनकी पत्नी ने किसी कार्य से अलमारी खोली, तो अलमारी पूरी तरह खाली मिली। उसमें रखी नकदी और ज्वेलरी नदारद थी। दंपती ने घर के नौकरों से पूछताछ की, लेकिन कुछ भी पता न चलने पर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
दरगाह थाने के एसओ दल-बल के साथ पहुंचे और छानबीन शुरू की। व्यवसायी की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
जांच के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। एसओ रामाज्ञा सिंह ने बताया कि लगभग 50 लाख से अधिक की चोरी की सूचना दर्ज हुई है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।