बहराइच। बिजली थाने पर तैनात मुख्य आरक्षी से साइबर ठग ने दोस्त का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर दो बार में हजारों रुपये धोखे से ट्रांसफर करा लिए। जब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का आभास हुआ तो साइबर थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
देवरिया जिले के रुद्रपुर बरईपारा निवासी उमेश यादव विद्युत अपराध निरोधक थाने में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। 22 फरवरी को साइबर ठग ने उनके दोस्त संजय सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर रुपयों की जरूरत बताते हुए बैंक खातों में दो बार में कुल 44 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
दोबारा एक फोन पे नंबर पर रुपये मांगने लगा तो उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने रुपये ट्रांसफर नहीं किए। अगले दिन फिर दूसरे बैंक खाते में रुपये मांगने लगा। संदेह होने पर दोस्त को कॉल की तो उसने किसी भी तरह की जरूरत और रुपये न मांगे जाने की बात कही। तब जाकर उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।
वारदात की सूचना पीड़ित ने साइबर पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के संबंध में साइबर थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि अज्ञात पर धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर बैंक खातों का स्टेटमेंट निकलवाया जा रहा है।