बहराइच रोडवेज बस अड्डे पर बृहस्पतिवार को भटकते यात्री। -संवाद
बहराइच। महाकुंभ मेले में प्रयागराज भेजी गईं ज्यादातर बसें अभी वहीं फंसी हुई हैं। हालांकि बसों का आवागमन पूर्व की भांति अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है लेकिन समस्या अभी भी ज्यों की त्यों बनी है। हालात ये हैं कि बृहस्पतिवार को रोडवेज बस अड्डे पर बसों की कमी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
प्रयागराज में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के पर्व पर आखिरी अमृत स्नान समाप्त हो गया। श्रद्धालुओं की वापसी का सिलसिला भी शुरू हो गया है लेकिन अभी भी कुंभ मेले में गईं ज्यादातर बसें प्रयागराज या फिर रास्ते में फंसी हुई हैं। ऐसे में जिले के रोडवेज बस अड्डे पर बृहस्पतिवार दोपहर यात्रियों को गंतव्य तक जाने को लेकर काफी परेशान होना पड़ा।
हालांकि रोडवेज प्रशासन यात्रियों की परेशानी को देखते हुए जो भी बसें वापस होती रहीं, उन्हें तत्काल यात्रियों की भीड़ के सापेक्ष उसी मार्ग के लिए तत्काल रवाना करता रहा लेकिन इसके बाद भी रोडवेज बस अड्डे पर परेशानी बनी रही।
लखनऊ जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे गौरव वर्मा व सुधाकर शुक्ला ने बताया कि आधे घंटे से इंतजार कर रहे हैं लेकिन बस नहीं मिल रही है। वहीं अयोध्या जाने के लिए विकास सोनी भी बस न मिलने से परेशान दिखाई दिए।
बसों की नहीं है कमी
रोडवेज बस अड्डे पर अब स्थिति सामान्य होने लगी है। ज्यादातर बसों की वापसी हो गई है। जो बची हुई बसें हैं, वे भी वापस आ जाएंगी। यहां बसों की कोई कमी नहीं है।
-ज्ञानचंद, एआरएम रोडवेज
..............