बहराइच। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। रविवार को जारी हुई रिपोर्ट में 40 लोग पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, 1757 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 660 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।
कोरोना संक्रमण का दायरा एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो गया है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में लगातार दो दिन से इजाफा हो रहा है। शनिवार को जहां 36 पॉजिटिव मरीज मिले थे। वहीं रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में 40 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें पयागपुर में एक, हुजूरपुर में दो, मिहींपुरवा में दो, नानपारा में एक मरीज शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को कुल 1807 सैंपल लिए गए थे। जिसमें रविवार को मिली रिपोर्ट में 40 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें शहरी क्षेत्र के मरीजों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। जबकि ग्रामीण इलाकों के मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को 1757 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 660 सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।