बहराइच। जिले में मतदाता सूची के चलाए गए पुनरीक्षण अभियान में 35 हजार 296 युवा मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। यह सभी युवा मतदाता 18 व 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। सभी युवा मतदाता पहली बार लोकसभा चुनाव में अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग कर पसंदीदा जनप्रतिनिधि को चुनेंगे। पहली बार मतदान करने के लिए सभी युवा मतदाता उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।
जिले में लोकसभा चुनाव की दुदुंभि बजने के साथ जिला प्रशासन आयोग के निर्देशों के तहत चुनाव को पूरी तरह पारदर्शिता के साथ कराने की तैयारी में जुट गया है। यहां पर बहराइच सीट पर चौथे चरण के दौरान 13 मई को मतदान होगा। वहीं कैसरगंज सीट पर 20 मई को चुनाव होना है। प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग संपन्न कराने के लिए जिले की सातों विधानसभाओं में 1384 मतदान केंद्र और 2698 मतदेय स्थल बनाकर अधिकारियों की तैनाती भी कर दी है।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी पूर्व में कर दिया गया था। प्रशासन द्वारा जारी की गई मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद इस बार लोकसभा चुनाव में 26 लाख दो हजार 762 महिला, पुरुष व युवा मतदाताओं को शामिल किया गया है। मतदाता सूची जारी होने के बाद जिले में इस बार 18 व 19 वर्ष आयुवर्ग के 35 हजार 296 युवा मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। सभी मतदाता 13 व 20 मई को होने वाले मतदान में पहली बार मतदान कर अपने पसंदीदा प्रत्याशी को अपने लोकसभा क्षेत्र नुमाइंदगी करने के लिए संसद भेजेंगे।