बहराइच। जमीन पर लेटकर इलाज कराने की मजबूरी और घंटों बेड के लिए भटकने की जद्दोजहद अब खत्म होगी। महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 257 नए बेड बढ़ा दिए गए हैं। अब अस्पताल में 657 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे भर्ती मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज में कुल 400 बेड स्वीकृत हैं, लेकिन रोज़ाना भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या इस क्षमता से कहीं अधिक है। नतीजतन मरीजों को जमीन पर या बेंच पर लेटकर इलाज कराना पड़ता था। परिजन घंटों बेड खाली होने का इंतजार करते थे। गंभीर रोगियों का भी इलाज स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर ही किया जा रहा था।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर संजय खत्री ने बताया कि हालात को देखते हुए 257 बेड और बढ़ाए हैं। अब गंभीर रोगियों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत बेड मिल सकेगा।
मरीजों के चेहरे खिले
मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों ने प्राचार्य के फैसले पर खुशी जताई है। फखरपुर से आए राजाराम ने बताया कि दो दिन तक स्ट्रेचर पर लेटकर इलाज करवाना पड़ा था, अब बेड मिला है। वहीं नानपारा से मरीज लेकर आए जगदीश प्रसाद ने कहा कि आसानी से बेड मिल गया।