बहराइच। तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को अंतिम दिन ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन हुआ। नामांकन करने के लिए देर शाम तक प्रत्याशियों की कतारें लगी रही। चार विकास खंडों में प्रधान पद पर 2206 और सदस्य पद पर 4910 नामांकन जमा हुए।
तीसरे चरण में विकासखंड बलहा, मिहींपुरवा, रिसिया और नवाबगंज ब्लॉकों में चुनाव होना है। इसमें मिहींपुरवा में प्रधान के 86 व सदस्य के 1184, रिसिया में 74 प्रधान व 978 सदस्य, बलहा में प्रधान के 59 व सदस्य के 825, नवाबगंज में प्रधान के 70 व सदस्य के 902 पदों के लिए मतदान होगा। इसके लिए सोमवार को ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन के अंतिम दिन सुबह से देर शाम तक प्रत्याशी उमड़ते रहे।
विकासखंड रिसिया के निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधान पद पर 530 व सदस्य पद पर 822 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किए हैं।
बलहा ब्लॉक के निर्वाचन अधिकारी मनोज मौर्या ने बताया कि प्रधान पद के लिए 452 व सदस्य के लिए 1481 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किया है।
मिहींपुरवा के निर्वाचन अधिकारी राकेश दूबे ने बताया कि यहां की दस न्याय पंचायत में प्रधान पद के 461 व सदस्य पद के 1108 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किया है।
नवाबगंज विकासखंड के आरओ देवेश शुक्ला ने बताया कि प्रधान पद पर 763 और सदस्य पद पर 1499 नामांकन जमा हुए हैं।
लंच व नाश्ता न मिलने पर भड़के कर्मचारी
नानपारा। नानपारा तहसील अंतर्गत बलहा ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार को ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही थी। इसके लिए 10 पटल बनाए गए थे। प्
रत्येक पटल पर सहायक निर्वाचन अधिकारी और अन्य तीन कर्मचारियों की तैनाती है। इन कर्मचारियों को दोपहर बाद तीन बजे तक सोमवार को लंच और नाश्ता नहीं मिला।
इससे कर्मचारी भड़क उठे और पटल छोड़ दिया। पहले सभी ने निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की। फिर लंच के व्यवस्थापक खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र के पास पहुंचकर विरोध जताया। तीखी झड़प हुई।
इस दौरान पटल खाली होने से कतार में लगे प्रत्याशी और उनके समर्थक भी भड़क उठे। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बिगड़ता देख बीडीओ और आरओ ने सभी को समझा-बुझाकर शांत किया। 40 मिनट बाद काम शुरू हो सका।