बहराइच। तेजवापुर ब्लॉक के बच्चों की जांच व वजन सितंबर माह में की गई थी। बीते हफ्ते जारी की गई जांच रिपोर्ट में 2038 बच्चे अति कुपोषित मिले हैं। इससे बाल विकास विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
तेजवापुर विकासखंड के 70 से अधिक गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का वजन व जांच प्रदेश सरकार की ओर से गठित टीम द्वारा कराई गई थी। इसमें ब्लॉक के 29624 बच्चे पंजीकृत हैं। नामांकित बच्चों की जांच रिपोर्ट पिछले सप्ताह आई है। जिसमें 2038 बच्चे अति कुपोषित मिले। जबकि कुपोषित बच्चों की संख्या 6810 है।
सीडीपीओ अनुज कुमार ने बताया कि बच्चों की जांच रिपोर्ट आ गई है। व्यवस्थाएं बेहतर की जा रही हैं। इस बार कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों की संख्या में लगभग 60 प्रतिशत की कमी आई है। बच्चों के इलाज व सेहत पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसकी जानकारी क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दी गई है।