दहेज प्रताड़ना से परेशान विवाहिता ने फांसी लगाई
मां की तहरीर पर पति समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
जरवलरोड (बहराइच)। करमुल्लापुर गांव निवासी एक विवाहिता ने सोमवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटकता मिला। इस मामले में मृतका की मां ने ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप मढ़ा है। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपी फरार हैं, तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत बहुवा रुदलिया गांव निवासी रुखसती ने बेटी निर्मला (24) का विवाह साल भर पूर्व करमुल्लापुर गांव निवासी कुलदीप के साथ किया था। विवाह के बाद से दंपती में अनबन थी। रुखसती का कहना है कि कुलदीप कम दहेज मिलने को कहकर उसकी बेटी निर्मला को पीटता था। मामले में कई बार दामाद और अन्य लोगों को समझाने की कोशिश की गई लेकिन बेटी का उत्पीड़न थमा नहीं। मंगलवार सुबह बेटी के मौत की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंची तो शव बड़ेर पर फंदे से लटक रहा था। मां ने फांसी लगाने पर भी शंका जाकिर की है।
थानाध्यक्ष हरि सिंह का कहना है कि विवाहिता के मौत की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पति समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।