नेपाल में निकाय चुनाव के विरोध में बंद
माओवादी विप्लव गुट आंदोलित, शुरू किया विरोध
रुपईडीहा (बहराइच)। नेपालगंज में चरणबद्ध तरीके से हो रहे निकाय चुनाव का माओवादी विप्लव पार्टी ने विरोध शुरू कर दिया है। पार्टी की ओर से नेपालगंज बंद का आह्वान किया गया था। इसका मंगलवार को आंशिक असर दिखा। कई प्रतिष्ठान खुले रहे। वाहन भी चले। लंबी दूरी के वाहनों को रवाना नहीं किया गया।
नेपालगंज में स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर मधेसी समुदाय के अलावा अब माओवादी विप्लव पार्टी ने भी विरोध शुरू कर दिया है। पार्टी के अध्यक्ष नेत्र विक्रम चंद विप्लव ने निकाय चुनाव में पारदर्शिता न होने व अन्य समस्याओं के मामले को लेकर मंगलवार को नेपाल बंद का आह्वान किया था। नेपालगंज में इसका आंशिक असर दिखा। 60 फीसदी प्रतिष्ठान खुले रहे। स्थानीय स्तर पर वाहन चले। नेपालगंज से बाहर जाने वाले लंबी दूरी के वाहनों को रवाना नहीं किया गया। बंद का मामूली असर इंडो-नेपाल सीमा पर रुपईडीहा कस्बे में भी दिखा। नेपाल जाने वालों को एसएसबी की ओर से अलर्ट किया गया।
एसएसबी के इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि बंद का कोई खास प्रभाव सीमा पर नहीं रहा। फिर भी सजगता रही। नेपाल के बांके जिला के एसपी टेक प्रसाद रायी ने बताया कि बंद शाम पांच बजे तक था। कहीं से हिंसा की सूचना नहीं है। इस दौरान सीमा पार करने वालों को सघन तलाशी से गुजरना पड़ा।