असवा मोहम्मदपुर गांव में 15 दिनों से बिजली नहीं आ रही है। इससे रोजेदारों के साथ आम ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाइटेंशन लाइन टूटने के बाद से इसे जोड़ा नहीं गया है।
ग्रामीणों ने स्थानीय लाइनमैन को इसकी सूचना दी। इसके बाद भी अब तक लाइनमैन ने तार नहीं जोड़ा है। तार टूटने से क्षेत्र के 18 गांवों में बिजली का संकट बना हुआ है।
नानपारा फीडर से असवा फीडर को सप्लाई दी जाती है। असवा फीडर से लालपुर शिवपुर, झाला, जोलाहनपुरवा, मैना नेवरिया, इटहा, मोहम्मदपुर, मानिकपुर बघौली, मकसूद नगर, पकरा देवरिया समेत 18 गांवों को विद्युत सप्लाई दी जाती है। इस फीडर की हाईटेंशन विद्युत लाइन जर्जर होने के कारण टूट गई थी।
इसकी शिकायत गांव के सतीश कुमार, जगदेव प्रसाद, आशीष पाठक, अजय पाठक, संतोष चौधरी आदि ने क्षेत्रीय लाइनमैन व जेई नानपारा से की थी। लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी अब तक लाइनमैन ने तार नहीं जोड़ा। इस कारण उमस भरी गर्मी में इस फीडर के 18 गांवों के रोजेदार जहां परेशान हैं। वहीं ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में उपभोक्ताओं ने ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह से शिकायत की है।