काली पट्टी बांध निकाली रैली
उप्र मृतक आश्रित शिक्षणेतर कर्मचारी संघ ने दिया धरना
बहराइच। उप्र मृतक आश्रित शिक्षणेतर कर्मचारी संघ के तत्वावधान में मंगलवार को कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट के धरना स्थल पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद काली पट्टी बांधकर रैली निकाली। इस दौरान सभी ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजकर समस्याओं के निदान की मांग की।
संघ के अध्यक्ष अनोखीलाल भास्कर ने कहा कि सरकार व विभाग की उदासीनता के चलते योग्यता के बावजूद कर्मचारियों की प्रोन्नति नहीं हो रही है। मंत्री विकास सैनी ने कहा कि संगठन की फाइल महीनों से कार्यालय में पड़ी है। इससे साफ जाहिर है कि मुख्यमंत्री का आदेश अधिकारियों के सामने मायने नही रखता। जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि अगर शीघ्र ही समस्याओं का निदान न हुआ तो प्रदेश मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन होगा। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर रैली निकाली। धरने में सतीश पटेल, अजय कुमार, योगेश कुमार, सलमान बेग, अंकुर श्रीवास्तव, मोहित मिश्रा, प्रदीप कुमार, रामकुमार आदि मौजूद रहे।