बहराइच। मानव तस्करी व बाल संरक्षण अब सरकार की सर्वोपरि प्राथमिकताओं में है और इन मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने की जरूरत है। यह बातें पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित कार्यशाला व प्रशिक्षण में पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहीं।
एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि जिले को बाल हितैषी बनाने के लिए पुलिस को स्वैच्छिक व संवैधानिक संस्थाओं के साथ मिलकर काम करना होगा। देहात संस्था की स्वरक्षा परियोजना के तहत कैरीटास इंडिया दिल्ली व विशेष किशोर पुलिस इकाई और मानव तस्करी रोधी इकाई के साथ मिलकर कार्यशाला का आयोजन किया गया था। एसपी ने कहा कि नेपाल सीमा से सटा जिला होने के कारण यहां से बड़े पैमाने पर मानव तस्करी व बाल श्रम होने की आशंका रहती है। ऐसे में हर संदिग्ध को रोककर पुलिस टीमें जांच करें।
मुख्य प्रशिक्षक डॉ. जितेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि तमाम जटिलताओं के बीच यदि हम बच्चों के बचपन को तबाह होने से रोक सके, तो एक बेहतरीन व अपराध मुक्त समाज बनते देर नहीं लगेगी। बाल कल्याण समिति की सदस्य मजिस्ट्रेट अंजुम अजीम ने कहा कि बच्चों के हित को ध्यान में रखकर कार्य करने से ही बाल मित्र समाज को निर्माण होगा। इस दौरान यूनीसेफ के मंडलीय परामर्शदाता अनिल कुमार, देहात संस्था के दिव्यांशु, हसन फिरोज, पवन वर्मा, विजय यादव, निर्मला साह, रेखा वर्मा, मनीष आदि मौजूद रहे।