बहराइच। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 408 फरियादी आए। इनमें से 44 फरियादियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष फरियादियों की समस्या को सप्ताह भर में निस्तारित करने का निर्देश संबंधित विभागाध्यक्षों को दिया गया।
तहसील कैसरगंज में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी शंभु कुमार ने की। यहां पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर व सीडीओ अरविंद चौहान के साथ सभी अधिकारी मौजूद रहे। 160 मामले सामने आए, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही निस्तारण करवाया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिया कि राजस्व व पुलिस विभाग से बेहतर समन्वय के साथ भूमि विवाद से संबंधित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करायें।
विद्युत एवं आपूर्ति विभाग की अधिक समस्याएं होने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिविर आयोजित कर समस्याओं का त्वरित निस्तारण करायें। उधर, सदर बहराइच में प्राप्त 52 में से 16 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। जबकि मिहींपुरवा (मोतीपुर) में प्राप्त 58 में से 02 तथा तहसील महसी में प्राप्त 138 में से 9 प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसील मोतीपुर में उप जिलाधिकारी बाबू राम, सदर बहराइच में कीर्ति प्रकाश भारती, नानपारा में डा. संतोष उपाध्याय, पयागपुर में राम आसरे वर्मा एवं तहसील महसी में एसएन त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस सम्पन्न हुआ।